सभी पंचायत सचिव मुख्यालय पर रहें, बिना अनुमति के मुख्यालय ना छोड़े
कलेक्टर सिंह ने ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर
स्वतंत्र हरदा। कलेक्टर आदित्य सिंह ने गुरुवार सुबह कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। इस बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, और ग्रामीण आजीविका मिशन जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं का गहन अवलोकन किया गया। कलेक्टर सिंह ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यक्रम अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे यह सुनिश्चित करें कि उनके क्षेत्रों के सभी पंचायत सचिव अपने-अपने मुख्यालयों में मौजूद रहें और समय पर ग्राम पंचायत कार्यालय खोलें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बिना अनुमति मुख्यालय से बाहर जाने वाले पंचायत सचिवों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण इवने, कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा और हरदा, टिमरनी, खिड़किया जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।


