राजीव गांधी की 80वीं जयंती पर जिला कांग्रेस कार्यालय पर श्रद्धांजलि समारोह, कांग्रेस नेताओं ने किया माल्यार्पण और की चर्चा

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर
स्वतंत्र हरदा। जिला कांग्रेस कार्यालय में भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 80वीं जयंती पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण किया गया और उनके जीवन, कृतित्व, तथा देश के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 12 बजे हुई, जिसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ‘राजीव गांधी अमर रहे’ के नारों के साथ उनकी स्मृतियों को जीवंत किया। इस मौके पर सभी ने सद्भावना दिवस को श्रद्धापूर्वक मनाया और राजीव गांधी के योगदान को याद किया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओम पटेल ने इस अवसर पर कहा, “राजीव गांधी ने देश की प्रगति, शांति और अखंडता के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए। उनके नेतृत्व में युवाओं को लोकतंत्र में अधिक भागीदारी मिली, सूचना और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में देश ने नई ऊँचाइयों को छुआ, और पंचायती राज व्यवस्था सशक्त हुई।” उन्होंने राजीव गांधी को एक बहुआयामी व्यक्तित्व और गरीबों के हित चिंतक के रूप में याद किया, जिन्होंने आधुनिक और सुदृढ़ भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद व्यास ने राजीव गांधी को संचार क्रांति और त्रिस्तरीय पंचायती राज के प्रणेता के रूप में सराहा। उन्होंने कहा, “राजीव गांधी ने देश के संचार जगत को विकास के नए आयाम दिए और पंचायती राज के माध्यम से समाज के हर वर्ग को अधिकारों का विकेन्द्रीकरण कर स्थानीय सत्ता और विकास में भागीदारी दी। उनका योगदान हमें सदैव प्रेरित करता रहेगा। इस अवसर पर आदित्य गार्गव, दिनेश यादव गगन अग्रवाल, रमेश सोनकर, संजय अग्रवाल, अजय सिंह राजपूत, मुजाहिद अली, महेश मालवीय, सतीश राजपूत, अशोक पंवार, संतोष चौरे, संजय पांडेय, श्यामलाल गंगवाल सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।



