मुख्यमंत्री मोहन यादव से मिले रामु टेकाम: बैतूल जिले की विभिन्न समस्याएँ बारे में क्या कहा

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर
स्वतंत्र हरदा।भैंसदेही। मध्यप्रदेश आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष रामु टेकाम ने बैतूल जिले की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात की और एक मांग ज्ञापन प्रस्तुत किया। ज्ञापन में निम्नलिखित मुद्दों को उठाया गया:
1.सरकारी मेडिकल कॉलेज की मांग: पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा बैतूल जिले में सरकारी मेडिकल कॉलेज की घोषणा की गई थी। वर्तमान में, सरकारी मेडिकल कॉलेज के बजाय पीपीपी मोड पर मेडिकल कॉलेज खोला जा रहा है, जिसका हम विरोध करते हैं। हमारी मांग है कि बैतूल में पूर्व घोषणा के अनुसार सरकारी मेडिकल कॉलेज खोला जाए, जिससे गरीब आदिवासी, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और मध्यम वर्ग के लोगों को मुफ्त और अच्छी स्वास्थ्य सेवाएँ मिल सकें।
2. केन्द्रीय विद्यालय की मांग: भैंसदेही ब्लॉक में लंबे समय से केन्द्रीय विद्यालय खोलने की मांग की जा रही है। चुनाव के समय, जनप्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया था कि भैंसदेही में केन्द्रीय विद्यालय स्वीकृत है, लेकिन भूमि की कमी के कारण यह विद्यालय नहीं बन पाया। हमारी मांग है कि जल्द से जल्द भैंसदेही में केन्द्रीय विद्यालय खोला जाए।
3.सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता: भैंसदेही ब्लॉक में मेंढा डेम का निर्माण हुआ है। इस डेम के पानी को ग्राम जमन्या, कुम्भी, भादूगांव, आमला, नादरा, अम्बोरी, गोरेगांव सहित अन्य क्षेत्रों के लिए सिंचाई के उद्देश्य से नहर के माध्यम से उपलब्ध कराया जाए।
4.स्कूलों की जर्जर हालत: भैंसदेही ब्लॉक और पूरे बैतूल जिले में सरकारी स्कूलों, प्राथमिक शालाओं, मीडिल स्कूलों, हाई स्कूलों, हायर सेकेण्डरी स्कूलों, छात्रावासों और आँगनवाड़ी केन्द्रों की इमारतें जर्जर हो चुकी हैं। बारिश के पानी से भवनों में टपकाव होता है और छतें उखड़ी हुई हैं। इन भवनों की जल्द मरम्मत और नवीन निर्माण की मांग की जाती है ताकि छात्रों का जीवन सुरक्षित रहे।
5. शिक्षकों की कमी: भैंसदेही ब्लॉक और पूरे बैतूल जिले के सरकारी स्कूलों में पर्याप्त शिक्षकों और स्टॉफ की कमी है, जिससे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रभावित हो रही है। सभी सरकारी विद्यालयों में रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की जाती है।
6. खतरनाक सड़क मोड़ की समस्या: भीमपुर ब्लॉक के नांदा के पास लेड़दा घाट में खतरनाक मोड़ के कारण सड़क दुर्घटनाएँ बढ़ गई हैं। जिला प्रशासन को कई बार ज्ञापन सौंपे जाने के बावजूद उचित कार्यवाही नहीं की गई है। हमारी मांग है कि लेड़दा घाट की कटिंग जल्द से जल्द की जाए।
7.स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी: भैंसदेही ब्लॉक और अन्य ब्लॉक मुख्यालयों में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में डॉक्टरों और स्टॉफ की कमी है। इन केन्द्रों में महिला डॉक्टर, स्टॉफ, एक्स-रे मशीन, सोनोग्राफी और लैब की व्यवस्था की जाए।
8. सिंचाई के लिए बिजली की मांग: भीमपुर ब्लॉक के चिल्लौर दामजीपुरा क्षेत्र के किसानों की मांग पर 132 के. व्ही. बिजली की आपूर्ति की जाए, जैसा कि पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद द्वारा वादा किया गया था।
9.सब स्टेशन का निर्माण: मोहटा ग्राम पंचायत में बिजली के लिए सब स्टेशन की स्वीकृति लंबे समय से है, लेकिन निर्माण नहीं हुआ है। सब स्टेशन का निर्माण शीघ्र शुरू किया जाए।
10.शासकीय कृषि महाविद्यालय की मांग: भैंसदेही ब्लॉक में शासकीय कृषि महाविद्यालय खोलने का अनुरोध किया गया है।
11.शासकीय विधि महाविद्यालय की मांग: बैतूल जिले में शासकीय विधि महाविद्यालय खोलने की मांग की गई है ताकि कानून की शिक्षा स्थानीय विद्यार्थियों को उपलब्ध हो सके।
12.सड़क मार्ग की कमी: बैतूल जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क मार्ग की कमी है, जिससे आवागमन में कठिनाई होती है। सड़क मार्ग निर्माण की मांग की गई है।
13.स्वयं सहायता समूह की योजना: स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित सांझा चूल्हा योजना के अंतर्गत आँगनवाड़ी सहायिकाओं को भोजन बनाने का आदेश निरस्त किया जाए, अन्यथा हजारों महिलाएं बेरोजगार हो जाएंगी।
14. रोजगार की व्यवस्था: बैतूल जिले में रोजगार की व्यवस्था की जाए ताकि गरीब मजदूरों को पलायन के बजाय स्थानीय स्तर पर रोजगार मिल सके और शोषण रोका जा सके।
15.छात्रावास भवन निर्माण: अनुसूचित जाति और जनजाति के छात्रों के लिए जिला और ब्लॉक स्तर पर नए छात्रावास भवनों का निर्माण किया जाए और सीटों की संख्या बढ़ाई जाए। इस बैठक में आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामु टेकाम के साथ भैंसदेही ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रानू ठाकुर, भीमपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष चुन्नीलाल यादव, जिला कांग्रेस महामंत्री राजकुमार रायपुरे, जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल छत्रपाल, पार्षद महेश थोटेकर, राजकुमार मर्सकोले, पंजाब अहाके, देवेश आठवेकर और कमलेश पोटे उपस्थित थे।



