हरदा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध हथियार, नशीला पदार्थ और लग्जरी कारों के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर
हरदा जिले में पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में अवैध हथियार, नशीला पदार्थ और लग्जरी कारों के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) अनुभाग हरदा के मार्गदर्शन में इन कार्रवाइयों को अंजाम दिया गया। पहली घटना में दो आरोपियों से देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस और मारुति ब्रेजा कार जब्त की गई, जबकि दूसरी घटना में फरार आरोपी सौरभ विश्नोई को 25 ग्राम एमडी पाउडर और बिना नंबर प्लेट की स्विफ्ट कार के साथ गिरफ्तार किया गया।
स्वतंत्र हरदा। पुलिस अधीक्षक हरदा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) अनुभाग हरदा के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी सिविल लाइन निरीक्षक संतोष सिंह और उनकी टीम ने माँ रेवा सिलीकॉन सिटी के पास समृद्धि शॉपिंग मॉल के सामने खड़ी संदिग्ध कार क्रमांक MP 47 CA 4152 (मारुति ब्रेजा) को रोका। कार से दीपेश विश्नोई (32 वर्ष) और दीपक विश्नोई (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। जामा तलाशी के दौरान दीपक विश्नोई की कमर से एक देशी पिस्टल और मैग्जीन में एक जिंदा राउंड मिला। वहीं, दीपेश विश्नोई की पैंट की जेब से दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। दोनों आरोपियों से हथियार और कार संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और मारुति ब्रेजा कार को जब्त कर लिया। आरोपियों पर धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने थाना सिविल लाइन के फरार आरोपी सौरभ विश्नोई को गिरफ्तार किया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने नहालखेडा पुलिया के पास घेराबंदी की। कुछ समय बाद, मुखबिर द्वारा बताई गई एक सफेद रंग की मारुति सुजूकी स्विफ्ट कार आती हुई दिखी, जिसे बिना नंबर प्लेट और काले फिल्म के साथ देखा गया। चालक सौरभ विश्नोई, जो रेवापुर का निवासी है और जिला बदर का आरोपी है, को पुलिस ने हिकमत अमली से बाहर निकलवाया और गिरफ्तार किया।

जामा तलाशी के दौरान सौरभ विश्नोई की पेंट की दाहिनी जेब से 25 ग्राम एमडी पाउडर (नशीला पदार्थ) मिला, जिसकी कीमत 5 लाख रुपये बताई गई। इसके अलावा, बिना नंबर प्लेट की स्विफ्ट कार, जिसकी कीमत 5 लाख रुपये है, भी जब्त की गई। सौरभ विश्नोई पर धारा 14 राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम 1980 और धारा 8, 22 स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम 1985 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस टीम का विशेष योगदान:
इन सफल कार्रवाइयों में निरीक्षक संतोष सिंह चौहान, निरीक्षक मनोज सिंह, उपनिरीक्षक संदीप यादव, उपनिरीक्षक रिपुदमन सिंह, उपनिरीक्षक मनीष चौधरी, सहायक उपनिरीक्षक नानकराम कुशवाह, प्रधान आरक्षक दीपक जाट, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक अनिल मर्सकोले, आरक्षक नीतेश कुशवाह, आरक्षक मनोज वाऊस्कर, आरक्षक राहुल वर्मा, आरक्षक प्रदीप मालवीय, आरक्षक उमेश पवार, साइबर सेल हस्दा आरक्षक लोकेश सातपुते, आरक्षक कमलेश परिहार और आरक्षक मनोज दोहरे का विशेष योगदान रहा।



