छीपाबड़ थाने में सरपंच के साथ दुर्व्यवहार का आरोप, विधायक व सरपंच संघ में एसपी से मिलकर, कार्यवाही की मांग की

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर
स्वतंत्र हरदा। छीपाबड़। ग्राम कालधड़ के सरपंच ओमप्रकाश ने छीपाबड़ थाने के पुलिस अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ओमप्रकाश का आरोप है कि थाना परिसर में उनके साथ न केवल दुर्व्यवहार किया गया बल्कि मारपीट भी की गई। घटना की जानकारी देते हुए ओमप्रकाश ने बताया कि 05 जून 2024 की शाम, ए.एस.आई. संजय शर्मा ने उन्हें फोन कर थाने बुलाया। जब वह शाम 7 बजे थाने पहुंचे, तो एस.आई. जितेन्द्र वैष्णव ने बिना किसी बातचीत के उन्हें गंदी गालियाँ दीं और मारपीट की। उनके पूछने पर कि उन्हें क्यों मारा जा रहा है, पुलिस ने उनके खिलाफ शिकायत का हवाला दिया और उनका मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया।
ओमप्रकाश ने यह भी बताया कि इस दौरान थाने का पूरा स्टाफ वहां मौजूद था, लेकिन किसी ने भी उन्हें बचाने या उनकी बात सुनने का प्रयास नहीं किया। उन्हें रात 9 बजे तक थाने में बैठाए रखा गया और इस दौरान ए.एस.आई. संजय शर्मा ने पैसे की मांग की, कहा कि मामला निपटाने के लिए पैसे दें वरना आगे परेशानी में पड़ सकते हैं। इस घटना से भयभीत ओमप्रकाश ने बताया कि वह राजपूत समाज खिरकिया के पदाधिकारी हैं और सरपंच संघ का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने मांग की है कि दोषी अधिकारियों के खिलाफ शीघ्र जांच कर उचित कार्यवाही की जाए और उन्हें न्याय प्रदान किया जाए। उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं होती, तो सरपंच संघ एवं राजपूत परिषद लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत विरोध प्रदर्शन करने पर मजबूर होंगे।



