25 लाख रुपये के 188 खोए मोबाइल बरामद, मालिकों को लौटाए

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर
स्वतंत्र हरदा। साइबर सुरक्षा शाखा और क्राइम सेल की एक संयुक्त ऑपरेशन में 25 लाख रुपये कीमत के 188 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश्वरी महोबिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति और टिमरनी एसडीओ आकांक्षा तलैया ने स्वयं मोबाइल मालिकों को ये फोन सौंपे। इस कार्रवाई से जिले में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।

पुलिस कंट्रोल रूम में गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में इस सफलता की जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे ने बताया कि सर्विलांस और क्राइम सेल की टीम ने मिलकर ये ऑपरेशन चलाया और विभिन्न स्थानों से 188 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए। उन्होंने कहा, “मोबाइल फोन आज के समय में लोगों की निजी और महत्वपूर्ण जानकारी का एक अहम हिस्सा बन चुके हैं। इन्हें खोने पर व्यक्ति मानसिक तनाव में आ जाता है।”

एसपी अभिनव चौकसे ने बताया कि पुलिस टीम ने तकनीकी और सर्विलांस की मदद से इन मोबाइल फोनों को ढूंढ निकाला। मोबाइल फोन वापस पाकर मालिकों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई। इस मौके पर कई मोबाइल मालिक भी उपस्थित थे, जिन्हें उनके फोन सौंपे गए। जिन लोगों को अभी तक उनके फोन नहीं मिले, उन्हें एसपी कार्यालय बुलाकर फोन सौंपे जाएंगे। इस सराहनीय प्रयास से जिले के लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। पुलिस टीम के इस सफल ऑपरेशन की सराहना की जा रही है और यह अन्य लोगों के लिए भी एक उम्मीद की किरण बनी है।



