ट्रक ड्राइवर ने ही रची थी 11 लाख की चोरी की साजिश, हरदा पुलिस ने किया खुलासा

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में प्रेस वार्ता आयोजित हो गई जिसमें पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे ने बताया कि रहटगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत रात्रि में एक बड़ी चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए न केवल मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया, बल्कि 10 लाख 70 हजार रुपये की संपूर्ण राशि भी बरामद कर ली है। यह वारदात तब सामने आई जब फरियादी मोहित राठौर, उम्र 22 वर्ष, निवासी मांडवी, थाना आठनेर, जिला बैतूल, ने थाना रहटगांव में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि इंदौर के काटाफोड़ मंडी में मूंग एवं मक्का विक्रय के बाद लौटते समय ट्रक से 10.70 लाख रुपये से भरा बैग चोरी हो गया।
फरियादी ने बताया कि वह अपने ड्राइवर शेख समीर के साथ आईशर ट्रक में सफर कर रहा था और रूपयों का बैग सीट के पीछे रखा हुआ था। NH-47 पर स्थित श्री गुरु गजानन ढाबा, टेमागांव के पास रात्रि भोजन हेतु रुकने के दौरान यह घटना घटी।
ड्राइवर निकला मास्टरमाइंड
पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद संदेह के दायरे में आए ट्रक ड्राइवर शेख समीर से कड़ी पूछताछ की, जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ। समीर ने स्वीकार किया कि उसने अपने मित्र साहिल शेख के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी। योजना के अनुसार, ढाबे पर रुकते ही साहिल ने ट्रक से बैग चुरा लिया और मोटरसाइकिल से फरार हो गया।
पुलिस की तत्परता से आरोपी गिरफ्तार, रकम बरामद
अनुविभागीय अधिकारी टिमरनी आकांक्षा तलया के निर्देशन में थाना रहटगांव व साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं बैग समेत 10,68,600 रुपये की राशि बरामद की। शेष 1400 रुपये आरोपियों ने खर्च कर दिए थे।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रहटगांव उनि मानवेन्द्र सिंह भदौरिया, साइबर सेल से उनि उमेश ठाकुर, उनि संतोष बामने, सउनि जगन युवने, प्रआर. देवेन्द्र राव, प्रआर. राममोहन चिचाम, प्रआर. अजून लौवंशी, आर. लोकेश, आर. कमलेश, आर. मनोज, आर. सोनू व आर. राकेश पटेल की विशेष भूमिका रही।




