क्राइम

हरदा में दहशत फैलाने वाले सन्नी को पुलिस ने जुलूस में निकाला, चाकू से युवक पर किया था हमला

शराब के लिए मांगे पैसे, इनकार करने पर पेट-पीठ में मारा था चाकू

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा

हरदा। शहर में बढ़ते गुंडागर्दी के मामलों पर अब सिटी कोतवाली पुलिस ने सख्त रवैया अपना लिया है। शुक्रवार देर रात छीपानेर रोड पर एक युवक पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी सन्नी राजपूत को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर शहर में जुलूस के रूप में कोर्ट तक पैदल चलाया। इस कार्रवाई को देख आमजन में जहां राहत दिखी, वहीं बदमाशों के लिए यह सीधा संदेश था कि अब हरकतों पर माफी नहीं, सार्वजनिक जवाबदेही तय होगी। थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह मर्सकोले ने बताया कि पीड़ित विशाल कैथवास अपने भाई की दुकान से स्कूटी पर घर लौट रहा था, तभी छीपानेर रोड पर सन्नी राजपूत अपने चार साथियों के साथ उसे मिला। शराब पीने के लिए पैसे मांगे और इनकार पर विशाल पर पेट व पीठ में चाकू से हमला कर दिया। गंभीर हालत में विशाल को पहले हरदा के निजी अस्पताल और बाद में भोपाल रेफर किया गया। परिजनों ने पुलिस को घटना का सीसीटीवी फुटेज सौंपा, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ा गया। वारदात में प्रयुक्त चाकू भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार, सन्नी राजपूत निवासी भुन्नास पहले भी मारपीट और अड़ीबाजी के मामलों में लिप्त रहा है।

स्वागत गेट से हनुमान चौराहा तक निकाला जुलूस

आरोपी को सरेआम कोर्ट तक पैदल ले जाया गया। छीपानेर रोड के स्वागत गेट से लेकर हनुमान चौराहे तक बड़ी संख्या में लोग इस दौरान जमा हो गए। लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की और मांग की कि ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई लगातार की जाए।

Swatantra Harda

Related Articles

Back to top button