खेल मैदान और सार्वजनिक शौचालय की मांग को लेकर खिलाड़ियों ने दिया ज्ञापन
आरक्षित वर्ग के खिलाड़ियों के लिए खेडीपुरा में खेल मैदान बनाने की मांग

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। हनुमान वार्ड क्रमांक 4, खेडीपुरा स्थित श्री जगदीश महाकालीजी मंदिर के पास उपलब्ध शासकीय भूमि पर अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ा वर्ग के बच्चों के लिए खेल मैदान तैयार करने की मांग जोर पकड़ रही है। मंगलवार को जनसुनवाई में खेडीपुरा के खिलाड़ियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर खेल मैदान और सार्वजनिक शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की।खिलाड़ियों ने बताया कि खेडीपुरा में आरक्षित वर्ग के बच्चों के लिए कोई खेल मैदान नहीं है। प्रेक्टिस के लिए उन्हें मिडिल स्कूल या नेहरू स्टेडियम जाना पड़ता है, जो काफी दूर है। रास्ते में अत्यधिक आवागमन और सुरक्षा की चिंता के कारण बच्चों और उनके अभिभावकों को हमेशा खतरा बना रहता है। खिलाड़ियों ने क्रिकेट नेट प्रैक्टिस, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल जैसे खेलों के लिए मैदान तैयार करने की अपील की है। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में खिलाड़ी शामिल हुए और कलेक्टर को अपनी समस्या बताते हुए कहा कि खेडीपुरा जैसे आरक्षित बाहुल्य क्षेत्र में खेल सुविधाओं का अभाव बच्चों की प्रतिभा को दबा रहा है। खेल मैदान के साथ ही सार्वजनिक शौचालय की भी आवश्यकता पर जोर दिया गया। खिलाड़ियों ने बताया कि आसपास के क्षेत्र में शौचालय की कमी के कारण उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ता है।




