लापरवाही

काम छोड़ लूडो खेलने में मशगूल PIU कर्मचारी, तपती धूप में फील्ड में जुटे अफसर : क्या लूडो खेलने की मिलती है सैलरी?

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा

हरदा ।  जिले में प्रोजेक्ट लम्प्लीमेंशन यूनिट विभाग (PIU) की लापरवाही खुलकर सामने आई है। एक ओर जिले के अधिकारी भीषण गर्मी में फील्ड का निरीक्षण कर रहे हैं, जिले की योजनाओं पर नजर रख रहे हैं, वहीं दूसरी ओर PIU विभाग के कुछ कर्मचारी ऑफिस में लूडो खेलते नजर आए। न केवल यह दृश्य चौंकाने वाला है, बल्कि यह विभागीय अनुशासन पर भी बड़ा सवाल खड़ा करता है। जब जिला कलेक्टर सिद्धार्थ जैन लगातार निरीक्षण कर रहे हैं, लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई कर रहे हैं, तब ऐसे में यह दृश्य पूरे सिस्टम को शर्मसार करता है। क्या ये कर्मचारी सरकार से सिर्फ लूडो खेलने की तनख्वाह ले रहे हैं। PIU विभाग का कार्य जिले में निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग, क्रियान्वयन और तकनीकी मूल्यांकन का होता है। यह विभाग सड़कों, भवनों और अन्य संरचनात्मक परियोजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए ज़िम्मेदार होता है। परंतु जिस विभाग से उम्मीद होती है कि वह विकास कार्यों को समय पर और गुणवत्ता सहित पूरा करे, वहां कार्यस्थल को खेल का मैदान बना दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, जब कोई आम नागरिक या पत्रकार विभाग में किसी अधिकारी से मिलने पहुंचता है, तो कंप्यूटर ऑपरेटर राहुल गौर उन्हें सही से जवाब तक नहीं देते। गोलमोल बातों में उलझाकर टालमटोल करते हैं। वहीं अधिकारी फोन उठाते नहीं, और कर्मचारियों से पूछो तो जवाब मिलता है, सर से पूछ लेना। ऐसे में बड़ा सवाल खड़ा होता है कि जब विभागीय अधिकारी जनता से संवाद नहीं करते, जानकारी नहीं देते, और कर्मचारी भी जिम्मेदारी से बचते हैं, तो आखिरकार विभाग का काम कैसे और कौन कर रहा है। कलेक्टर जैन को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए ऐसे कर्मचारियों पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। ताकि सरकारी दफ्तरों में अनुशासन बना रहे और जनता को उसका हक समय पर मिले।

इस संबंध में कलेक्टर सिद्धार्थ जैन से बात की गई और उनको बताया गया कि विभाग में बैठकर कर्मचारी लूडो जैसे गेम खेल रहे हैं तो उन्होंने कहा कि मैं देख लेता हूं

Swatantra Harda

Related Articles

Back to top button