विधायक डॉ. आर.के. दोगने ने पटाखा फैक्ट्री विस्फोट दुर्घटना के मृतक के परिजनों को सहायता राशि का स्वीकृति पत्र प्रदान किया।

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। मंगलवार को जिला प्रशासन हरदा द्वारा पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट में जान गंवाने वाले 9 व्यक्तियों के परिजनों को मुआवजा राशि के चेक वितरित किए गए। हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने प्रीति कुचबंदिया और रहमान खान को उनके निवास पर जाकर 15-15 लाख रुपये के चेक प्रदान किए। उन्होंने आश्वासन दिया कि न्याय की लड़ाई में वे परिजनों के साथ खड़े रहेंगे और जल्द ही एनजीटी से मिलने वाली मुआवजा राशि भी दिलाई जाएगी। विधायक दोगने ने इस अवसर पर हरदा कलेक्टर आदित्य सिंह का आभार व्यक्त किया, जिनके प्रयासों से मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जा सकी।
आदित्य सिंह ने बताया कि एनजीटी के आदेश दिनांक 7 जनवरी 2025 के पालन में इस दुर्घटना में मृत प्रियांशु प्रजापति निवासी खेड़ी मोहल्ला, अनुज पिता शोभाराम कुचबंदिया निवासी टंकी मोहल्ला, आबिद खां निवासी मानपुरा मोहल्ला, अयाज खान निवासी ग्राम रहटाखुर्द, बानो बी निवासी खेड़ीपुरा मोहल्ला, प्रमिला बाई चौहान निवासी बैरागढ़, कैलाश परमार निवासी नागलवाड़ी सेगांव जिला खरगोन, जेबुन बी निवासी अम्बेडकर वार्ड, पियूष पुत्र संजय निवासी बैरागढ़ के परिजनों को सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है। कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि सोमवार को कुल 9 मृतकों के परिजनों के खाते में राशि ट्रांसफर की गई है जबकि इससे पूर्व 4 अन्य मृतको श्री मुविन खान निवासी मानपुरा, मुकेश बेलदार निवासी बैरागढ़, रहीम पुत्र रोशन निवासी कड़ोला उबारी तथा उषा चंदेल निवासी बैरागढ़ के परिजनों को 15-15 लाख की मदद की जा चुकी है। इस तरह सभी 13 मृतकों के परिजनों को सहायता राशि का भुगतान कर दिया गया है।

