हरदा पुलिस की ऐतिहासिक उपलब्धियां: अंधे कत्ल का पर्दाफाश, अपराधों में कमी और गुमशुदा बच्चों की शत-प्रतिशत दस्तयाबी

⇒ शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। जिला पुलिस हरदा ने वर्ष 2024 में अपराध नियंत्रण, अंधे कत्ल के खुलासे और गुमशुदा बच्चों की दस्तयाबी के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे और एसपी आरडी प्रजापति उनकी टीम के अथक प्रयासों से न केवल गंभीर अपराधों में कमी आई है, बल्कि नागरिकों का पुलिस पर विश्वास भी बढ़ा है।

पुलिस ने किया अंधे कत्ल का पर्दाफाश:
27 दिसंबर 2024 को ग्राम चारखेडा में खेत मालिक सतीश गुर्जर ने एक पुरानी लाश मिलने की सूचना पुलिस को दी। जांच के बाद मृतक की पहचान चेतराम सांगुले (48), निवासी पुरानी इटारसी, नर्मदापुरम के रूप में हुई। पोस्टमार्टम से यह स्पष्ट हुआ कि उसकी हत्या गला घोंटकर की गई थी। एसडीओपी आकांक्षा तलया टिमरनी थाना प्रभारी रोशन लाल भारती के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन कर मामले की जांच की गई। मृतक के साथी वेंडर जलील खान ने अपनी पत्नी और चेतराम की बातचीत से रंजिश रखते हुए अपने सहयोगियों रसीद खान और अनिल गाँड के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। 22 दिसंबर को चेतराम को चारखेडा स्टेशन पर ट्रेन से नीचे उतारकर सुनसान खेत में ले जाया गया और वेंडर के आईडी कार्ड के पट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। 48 घंटे के भीतर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जिले में हुए अपराधों में कमी:
वर्ष 2024 में हरदा जिले में अपराधों के ग्राफ में 15 प्रतिशत की कमी आई। हत्या, डकैती, लूट, बलात्कार, और चोरी जैसे गंभीर अपराधों में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।
हत्या: 22% कमी डकैती: 100% कमी
लूट: 33% कमी बलात्कार: 5% कमी
संपत्ति संबंधी अपराधों में 64% बरामदगी दर रही। रात्रि गश्त और सशस्त्र बल की तैनाती से चोरी और सड़क दुर्घटनाओं में भी गिरावट आई।
गुमशुदा बच्चों की शत-प्रतिशत दस्तयाबी:
पुलिस ने वर्ष 2024 में गुमशुदा 27 बालक और 130 बालिकाओं को ढूंढकर उनके परिवारों को सौंपा। मानव तस्करी और अन्य दुर्व्यवहार से बच्चों को बचाने के लिए विशेष अभियान चलाए गए। इस प्रयास के लिए पुलिस टीम को शासन और समाज का भरपूर सहयोग मिला। पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे ने इन उपलब्धियों को टीम की मेहनत और नवीन तकनीकों के उपयोग का नतीजा बताया। उन्होंने घोषणा की कि इन अभियानों में विशेष योग्यता दिखाने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जाएगा। हरदा पुलिस ने 2024 को कानून व्यवस्था के लिए एक सफल वर्ष बनाया और नए साल में भी इस सकारात्मक दृष्टिकोण को जारी रखने का संकल्प लिया है।
हरदा पुलिस का अगस्त अभियान:
जिले में अगस्त माह को पुलिस ने विशेष अभियान के रूप में मनाने की योजना बनाई है। पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे ने जानकारी दी कि इस दौरान अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और जनसंपर्क बढ़ाने के लिए कई योजनाएं लागू की जाएंगी।



