राजपूत छात्रावास मामले में कांग्रेस ने किया पुलिस कार्रवाई का विरोध, झूठे प्रकरण की निंदा

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा – राजपूत छात्रावास की घटना में पुलिस द्वारा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा विधायक प्रतिनिधि विजय सूरमा, राकेश सूरमा, युवा कांग्रेस नेता अजयसिंह राजपूत, धर्मेन्द्रसिंह राजपूत तथा अनिल सूरमा एवं अन्य व्यक्तियों के विरूद्ध अपराधिक प्रकरण दर्ज किये जाने की निंदा करते हुए आज जारी प्रेस विज्ञप्ति में जिला कांग्रेस प्रवक्ता आदित्य गार्गव ने कहा कि पुलिस द्वारा यह प्रकरण छात्रावास परिसर में लाठी चार्ज की घटना से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के इशारे पर कायम किया। प्रेस विज्ञप्ति में यह भी कहा गया है कि जिला कांग्रेस कमेटी झूठे प्रकरण में आरोपी बनाये गये सभी कार्यकर्ताओं के साथ है। कांग्रेस प्रवक्ता ने यह भी कहा कि राजपूत छात्रावास परिसर में निर्दोष नागरिकांे पर किये गये लाठी चार्ज से प्रशासन एवं पुलिस की छवि प्रभावित हो रही थी तथा जनता इस गंभीर मुद्दे पर वर्षों तक म.प्र. मंत्री मण्डल में जिले का प्रतिनिधित्व करने वाले पूर्व मंत्री कमल पटेल एवं भाजपा के पदाधिकारियों की चुप्पी पर सवाल उठा रही थी, जिससे घबराकर स्थानीय भाजपा नेता भोपाल जाकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं अन्य नेताओं से मिलकर जाँच की मांग की नोटंकी कर रहे हैं। इस घटना की मुख्यमंत्री द्वारा जिला प्रशासन से रिपोर्ट मांगने पर भी आदित्य गार्गव ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम में जिला प्रशासन एवं जिला पुलिस प्रशासन की भूमिका संदेहास्पद रही है। ऐसे में जिला प्रशासन से मुख्यमंत्री द्वारा रिपोर्ट मांगना केवल रस्म अदायगी मात्र है। कांग्रेस प्रवक्ता ने मांग की है कि इस सम्पूर्ण घटनाक्रम की हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त जज से जाँच कराई जाये तथा इस घटना में शामिल दोषी अधिकारियों पर कार्यवाही की जाये।



