
शाहरुख बाबा चीफ एडिटर
स्वतंत्र हरदा। सोमवार को हजरत पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के अवसर पर हरदा में ईद-मिलाद-उन-नबी का भव्य जुलूस पूरे अकीदत और सम्मान के साथ निकाला गया। जुलूस की शुरुआत जामा मस्जिद से हुई और यह विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए कर्बला मैदान में संपन्न हुआ।

मुख्य मार्गों से गुजरा जुलूस
यह जुलूस पुरानी सब्जी मंडी, घंटाघर, शेख मोहल्ला, खेडीपुरा, अन्नापुरा, पोस्ट ऑफिस चौराहा, नई सब्जी मंडी, जिला अस्पताल, बस स्टैंड, और रेलवे स्टेशन, कुलहरदा इमली पुरा मानपुरा जैसे प्रमुख स्थलों से होते हुए आगे बढ़ा। इस दौरान मुस्लिम समाज के लोग पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्मदिवस पर एक-दूसरे को मुबारकबाद देते हुए और इस्लामिक झंडे लहराते हुए जश्न में शरीक हुए।
अमन और शांति की दुआ
कर्बला मैदान पहुंचकर, सलातों सलाम पढ़ा गया और पूरे देश में अमन, भाईचारा और शांति की दुआ की गई। जुलूस के दौरान सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे आयोजन शांति और अनुशासन के साथ सम्पन्न हुआ।

विलादत-ए-नबी का महत्व
रबीउल अव्वल माह की 12 तारीख को पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब का जन्म हुआ था, जिसे मुस्लिम समाज जश्न के रूप में मनाता है। इस अवसर पर घरों और मस्जिदों में हरी झंडियां लगाई जाती हैं, जुलूस निकाले जाते हैं और विभिन्न धार्मिक जलसों का आयोजन होता है। पैगंबर मोहम्मद साहब ने दुनिया को इंसानियत, भाईचारे और सद्भाव का पैगाम दिया, जो आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है।

आपसी भाईचारे की मिसाल..
इस जुलूस में हिंदू समुदाय के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और मुस्लिम समाज का पुष्प वर्षा से स्वागत किया। सिद्धि विनायक मंदिर के पुजारी ने जुलूस में शामिल होकर गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश की।
सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक प्रबंधन
जुलूस के दौरान सुरक्षा के लिए तीनों थानों की ओर से कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे के नेतृत्व में सिटी कोतवाली, सिविल लाइन थाना, और यातायात थाना के प्रभारी अधिकारीयों ने व्यवस्थाओं को संभाला। सभी प्रमुख स्थलों पर पुलिस बल तैनात किया गया ताकि यातायात और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके, और जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।



