“छोटी सी बात पर सगे भाई ने कर दी भाई की हत्या”

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। शनिवार को हरदा में कंट्रोल रूम में आयोजित हुई प्रेस कांफ्रेंस के दौरान हरदा पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे ने बताया कि थाना छीपाबड़ अंतर्गत ग्राम मांदला में एक युवक की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 10 जुलाई 2025 की रात की है, जब ग्राम मांदला में स्थित शरद उर्फ सोनू मीणा के खेत के खलिहान में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। सूचना मिलने पर छीपाबड़ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।

मृतक की पहचान ग्राम डिवाला ढाल, मांदला निवासी राजा उर्फ राजल काजले के रूप में हुई, जिसकी पुष्टि उसकी पत्नी लक्ष्मीबाई ने की। लक्ष्मीबाई ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके जेठ राजू पिता मन्नूलाल काजले ने मामूली विवाद में उसके पति की हत्या कर दी। घटना की रात लगभग 11 बजे आरोपी ने राजा से मोबाइल मांगा, जो उस समय चार्जिंग पर लगा हुआ था। राजा के मना करने पर आरोपी ने विवाद कर डंडे से सिर पर वार कर दिया, जिससे राजा जमीन पर गिर पड़ा और उसके दाहिने कान से खून बहने लगा। लक्ष्मीबाई के अनुसार घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयानों के आधार पर देहाती मर्ग क्रमांक 0/25 धारा 194 बीएनएसएस तथा देहाती नालसी क्रमांक 0/25 धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ की। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी की तलाश में पुलिस अधीक्षक हरदा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। सायबर सेल की मदद से आरोपी के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की गई, वहीं डॉग स्क्वॉड और ड्रोन कैमरे की मदद से क्षेत्र में सघन सर्च अभियान चलाया गया। पुलिस को देखते ही आरोपी राजू भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधीक्षक हरदा के निर्देश व एसडीओपी सिराली के मार्गदर्शन में थाना छीपाबड़ के उपनिरीक्षक दिनेश रावत, उपनिरीक्षक संतोष श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक कमलसिंह ठाकुर, सहायक उपनिरीक्षक चंदनशाह ऊईके, सहायक उपनिरीक्षक राजेन्द्र मीणा, प्रधान आरक्षक मुरारी दुबे, आरक्षक रविंद्र कवरेती, रविंद्र गोयल, सौरभ राजपूत, कमलेश परिहार, लोकेश सातपुते, रितेश कुमार (202), राहुल रघुवंशी, प्रवीण रघुवंशी एवं सैनिक 127 राजेश ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



