विरोध
थाने का घेराव कर रही करणी सेना पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज
हीरा ठगी में पुलिस कार्रवाई से भड़की करणी सेना, थाने का घेराव कर किया चक्का जाम, लाठीचार्ज के बाद जिला अध्यक्ष समेत 3 गिरफ्तार

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। सात महीने पुराने 18 लाख रुपये की हीरा ठगी मामले में पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ हल्की धाराओं में चालान पेश करने से नाराज करणी सेना ने शनिवार को बड़ा प्रदर्शन किया। पुलिस पर पक्षपात और 2 लाख रुपये लेकर आरोपियों से समझौता करने का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने पहले कोतवाली थाने का घेराव किया, फिर रात में इंदौर रोड बायपास एनएच 59 पर चक्का जाम कर दिया, जिससे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था घंटों चरमराई रही। थाने के सामने प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने समझाइश दी कि शासकीय कार्य में बाधा न डालें, लेकिन जब प्रदर्शनकारी नहीं माने तो पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इस दौरान करणी सेना जिला अध्यक्ष सुनील राजपूत सहित उनके तीन साथियों को हिरासत में लेकर एसडीएम कार्यालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया। गिरफ्तारी के विरोध में करणी सेना के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और देर रात तक हंगामा जारी रहा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक उनके नेताओं को रिहा नहीं किया जाएगा, वे हटेंगे नहीं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई।
क्या है पुरा मामला
यह ठगी का मामला हरदा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के एक गांव का है, जहां पीड़ित आशीष राजपूत ने आरोप लगाया था कि विक्की उर्फ विकास लोधी, मोहित वर्मा और उमेश तपानिया ने ज्योतिषीय सलाह के आधार पर 1.52 कैरेट का हीरा खरीदवाने के नाम पर उनसे 18 लाख रुपये की ठगी की। इंदौर निवासी उमेश तपानिया की पहचान मोहित वर्मा ने कराई थी और आनंद ज्वेलर्स से हीरा चेक कराकर सौदा फाइनल करवाया गया था। आशीष ने नकद 16.79 लाख और दो ट्रांजेक्शन में 70 हजार रुपये दिए। कुछ समय बाद आरोपियों ने हीरे की कीमत बढ़ने की बात कहकर पीड़ित को दोबारा इंदौर बुलाया और मुंबई ले जाकर नकली हीरा पकड़ा दिया।
चालान में हल्की धाराएं, करणी सेना ने जताई नाराजगी
शनिवार को पुलिस द्वारा इस मामले में चालान न्यायालय में पेश किया गया, लेकिन करणी सेना ने आरोप लगाया कि पुलिस ने आरोपियों को बचाने के लिए जानबूझकर हल्की धाराएं लगाई हैं। उनका आरोप था कि पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई की है और मुख्य आरोपी को लाभ पहुंचाने की कोशिश की गई है।
इनका कहना है:
इस संबंध में हरदा एसपी आर.डी. प्रजापति ने कहा कि यह महज एक 420 का मामला है, जिसका चालान न्यायालय में पेश कर दिया गया है। बावजूद इसके करणी सेवा के कुछ कार्यकर्ता थाने के सामने प्रदर्शन करने लगे, जिससे शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। उन्हें हटाने की कोशिश की गई और दो-चार लोगों को गिरफ्तार भी किया गया।
आर. डी. प्रजापति एसपी हरदा





