हरदा में पहली बार आई एयर एम्बुलेंस, गंभीर मरीज को भोपाल हमीदिया अस्पताल किया रेफर

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के इतिहास में सोमवार का दिन खास बन गया, जब हरदा में पहली बार एयर एम्बुलेंस आई और गंभीर मरीज को बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया। रोल गांव निवासी दिनेश उइके सड़क हादसे में घायल हो गए थे, जिसमें उनका एक पैर बुरी तरह टूट गया था। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल हरदा में भर्ती कराया गया, मगर गंभीर स्थिति और ऑपरेशन की सीमित सुविधा को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा निर्णय लिया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. एचपी सिंह ने बताया कि जिला अस्पताल में ऑपरेशन संभव नहीं था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर से चर्चा कर भोपाल स्थित हमीदिया अस्पताल में रेफर करने के लिए एयर एम्बुलेंस की मांग की गई। अधिकारियों की त्वरित पहल पर पहली बार हरदा में एयर एम्बुलेंस पहुंची और मरीज को सुरक्षित भोपाल भेजा गया।

डॉ. सिंह ने बताया कि इससे पहले दो बार भी हरदा में एयर एम्बुलेंस बुलाने की कोशिश की गई थी, लेकिन तकनीकी कारणों से संभव नहीं हो सका था। सोमवार को पहली बार यह प्रयास सफल रहा, जिससे गंभीर घायल मरीज को समय पर बेहतर इलाज मिल सका। पीएम श्री एयर एम्बुलेंस योजना के तहत इस सुविधा का लाभ मरीजों को मिल रहा है। योजना का उद्देश्य दूरस्थ जिलों से भी गंभीर मरीजों को समय रहते बड़े अस्पतालों में इलाज दिलाना है।




