श्यामा नगर में चोरी की वारदात का पर्दाफाश, हरदा पुलिस ने महिला आरोपिया को किया गिरफ्तार

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। श्यामा नगर में किराए के मकान में रह रही लक्ष्मी विश्वकर्मा पति शोरभ विश्वकर्मा ने थाना कोतवाली हरदा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके घर में अज्ञात चोर ने अलमारी और घर का ताला तोड़कर सोने के आभूषण और 15,000 रुपये नकद समेत कुल 80,500 रुपये का माल चोरी कर लिया। फरियादिया ने बताया कि घटना के समय वह अपने पति और बच्चे के साथ बाहर गई हुई थीं। थाना कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष टीम का गठन किया। टीम ने घटनास्थल के चारों ओर के सीसीटीवी कैमरे खंगाले और डॉग स्क्वाड की मदद ली। सीसीटीवी फुटेज में किसी बाहरी व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधि नहीं दिखी। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल के आस-पास के लोगों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान संदेह के आधार पर फरियादिया के पड़ोस में रहने वाली एक महिला से सवाल किए गए। महिला ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि जब फरियादिया अपने पति के साथ भाई दूज मनाने गई थीं, तभी उसने घर और अलमारी का ताला तोड़कर नकद रुपये और सोने के आभूषण चुरा लिए। पुलिस ने महिला आरोपिया के घर से चोरी का सामान बरामद कर लिया। इस कार्यवाही में थाना कोतवाली हरदा के निरीक्षक प्रहलाद सिंह मर्सकोले, उनि पटेल, उनि अनिल गुर्जर, सउनि संदीप कुशवाह, सउनि सुरेन्द्र श्रीवास्तव, प्र.आर. 21 दुर्गेश सेंगर, प्रआर 259 कमलेश अहिरवार, प्रआर 217 करण साहू, आर. 326 वीरेन्द्र राजपूत, आर. चालक संजू चौहान, और महिला आर. 169 विजय लक्ष्मी ने विशेष भूमिका निभाई।



