दारू का ढक्कन बंद करो” के नारे लगाते महिलाओं ने किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। अवैध शराब की बिक्री से परेशान हंडिया तहसील के ग्राम मालकुड़ की महिलाएं सोमवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने “दारू का ढक्कन बंद करो, अब शराब बंद करो” के नारे लगाए और पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा। महिलाओं का कहना है कि गांव में धड़ल्ले से अवैध शराब बिक रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। शराबखोरी के कारण परिवार उजड़ रहे हैं, लाडली बहना योजना की राशि भी शराब में खर्च हो रही है और बच्चे तक इसकी चपेट में आ रहे हैं। ज्ञापन सौंपते हुए महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही अवैध शराब बिक्री पर रोक नहीं लगाई गई तो वे बड़े स्तर पर कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेंगी। महिलाओं ने साफ कहा कि इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की होगी। कोतवाली थाना प्रभारी रोशन लाल भारती को ज्ञापन सौंपने के दौरान महिलाओं ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि पुलिस को शिकायतें पहले भी दी जा चुकी हैं, लेकिन अभी तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीण महिलाओं ने प्रशासन से तत्काल कार्यवाही करने की मांग की है।




