हरदा

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने स्व. अजय शाह को दी श्रद्धांजलि, भाजपा सरकार पर साधा निशाना,

प्रह्लाद पटेल का कांग्रेस पर तीखा हमला, जीतू पटवारी का पलटवार

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर 

स्वतंत्र हरदा। आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने जिले के ग्राम खुदिया मकडाई में स्वर्गीय श्री अजय शाह को श्रद्धांजलि दी। उनके साथ विधायक रामकिशोर दोगने, जिलाध्यक्ष ओम पटेल, पूर्व जिला अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण पवार, गोविंद व्यास, अमीर पटेल, राजेश पटेल राहुल जायसवाल, सहित कई अन्य कांग्रेसी नेता उपस्थित थे। जगह-जगह कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पटवारी और जयवर्धन सिंह का गर्मजोशी से स्वागत किया। इधर, प्रेस कॉन्फ्रेंस में जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा चुनाव के बाद किसानों से किए गए वादों से मुकर गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि न तो धान का समर्थन मूल्य 3,100 रुपये प्रति क्विंटल दिया गया और न ही गेहूं का 2,700 रुपये प्रति क्विंटल का मूल्य। वर्तमान में सोयाबीन का बाजार भाव मात्र 4,000 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास है, जबकि इसका न्यूनतम समर्थन मूल्य 4,892 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। पटवारी ने कहा कि किसानों की लागत भी नहीं निकल रही है, और वे न्यूनतम 6,000 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य की मांग कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार ने प्राइज सपोर्ट स्कीम के तहत कर्नाटक, महाराष्ट्र और तेलंगाना में सोयाबीन को समर्थन मूल्य पर खरीदने की घोषणा की है, लेकिन मध्य प्रदेश को इस योजना से बाहर रखा गया है। यह भाजपा की कथनी और करनी में बड़े अंतर को दर्शाता है। कांग्रेस ने किसानों के हितों की अनदेखी को लेकर भाजपा पर हमला तेज करने का संकेत दिया है, और आगामी चुनावों में इसे प्रमुख मुद्दा बनाने का ऐलान किया है।

राहुल गांधी और कांग्रेस पर प्रह्लाद पटेल का आरोप: सहयोगी दल अलगाववादियों का समर्थन कर रहे

भाजपा के वरिष्ठ नेता और मंत्री प्रह्लाद पटेल ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के सहयोगी दल देश में अलगाववादियों का नेतृत्व कर रहे हैं, और कांग्रेस नेताओं ने कभी भी राष्ट्रीय एकता के प्रति गंभीरता नहीं दिखाई। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा उन दलों का समर्थन करती है जो देश की अखंडता को कमजोर करने का काम कर रहे हैं। पटेल ने कहा, “कांग्रेस पार्टी और उसके नेता सिर्फ सत्ता पाने के लिए देश विरोधी तत्वों का समर्थन कर रहे हैं। उनका राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति कोई प्रतिबद्धता नहीं है।”

जीतू पटवारी का पलटवार: भाजपा का कोई नेता राष्ट्र के लिए बलिदान देने वाला नहीं

प्रह्लाद पटेल के आरोपों का जवाब देते हुए कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने तीखे शब्दों में पलटवार किया। उन्होंने कहा, “भाजपा राष्ट्रीय एकता की बातें करती है, लेकिन सच्चाई यह है कि कांग्रेस नेताओं ने इस देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है। भाजपा एक भी ऐसा नेता नहीं दिखा सकती जिसने राष्ट्र के लिए बलिदान दिया हो। पटवारी ने भाजपा पर यह भी आरोप लगाया कि वह केवल राजनीति के लिए राष्ट्रीय एकता के मुद्दों को उठाती है, जबकि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में हमेशा अंतर रहा है।

Swatantra Harda

Related Articles

Back to top button