हरदा में कमल किशोर जर्दा समूह पर जीएसटी का छापा: कर चोरी की शिकायत पर भोपाल से आई पांच टीमों की कार्रवाई

शाहरुख बाबा चीफ़ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। जीएसटी विभाग भोपाल की टीम ने शुक्रवार शाम हरदा में कमल किशोर जर्दा और कमल किशोर अग्रवाल एंड कंपनी के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर एक साथ छापेमार कार्रवाई की। यह कार्रवाई कर चोरी की शिकायतों के बाद की गई है। सूत्रों के अनुसार, संबंधित फर्मों के खिलाफ जीएसटी कर चोरी से जुड़ी शिकायतें विभाग तक पहुंची थीं, जिसके बाद भोपाल से पाँच अलग-अलग टीमों को हरदा भेजा गया। टीमें इंदौर रोड स्थित फ्लोर मिल, कमल किशोर जर्दा के कारखाने और अन्य संबद्ध प्रतिष्ठानों के दस्तावेजों की गहन जांच कर रही हैं। जांच के दौरान संबंधित प्रतिष्ठानों के गेट पर ताला लगाकर टीमों ने अंदर प्रवेश किया तथा शटर गिराकर अंदर ही कार्रवाई जारी है। टीम द्वारा बिल, खाताबही, टैक्स रिकॉर्ड और ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। हालांकि, जीएसटी विभाग की ओर से छापे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मौके पर मौजूद सदस्यों ने मीडिया से किसी भी प्रकार की जानकारी साझा करने से इनकार कर दिया है। 



