संभागीय रोड कांट्रेक्टर सम्मेलन: ठेकेदारों ने समस्याओं के निराकरण की मांग, आंदोलन की दी चेतावनी
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण की निविदाओं का बहिष्कार करने का लिया निर्णय

शाहरुख बाबा चीफ़ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। कांट्रेक्टर एसोसियेशन द्वारा संभागीय रोड कांट्रेक्टर सम्मेलन का आयोजन एक निजी होटल में किया गया, जिसमें बैतूल, नर्मदापुरम और हरदा जिले के 50 से अधिक ठेकेदार शामिल हुए। बैठक में ठेकेदारों ने सड़क निर्माण से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की और इनके समाधान के लिए संभागीय अध्यक्ष रौनक जैन से संबंधित विभागों से पत्राचार करने का आग्रह किया। यदि समस्याओं का समाधान शासन स्तर पर निवेदन के माध्यम से नहीं होता, तो ठेकेदार संघ ने प्रदेश की राजधानी में आंदोलन करने की चेतावनी दी। बैठक में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण की इकाइयों द्वारा ठेकेदारों को परेशान किए जाने पर भी रोष व्यक्त किया गया और निर्णय लिया गया कि अगली सूचना तक संभाग का कोई भी ठेकेदार प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण की निविदाओं में भाग नहीं लेगा। बैठक के अंत में हरदा कांट्रेक्टर एसोसियेशन के अध्यक्ष नितिन अग्रवाल और उनके सहयोगियों ने बैतूल जिला अध्यक्ष आशीष अग्रवाल, नर्मदापुरम जिला अध्यक्ष संतोष जैन, नरसिंह बिंदल, अंकुर जैन समेत सभी अतिथियों को फूल माला और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का समापन सहभोज के साथ हुआ।


