विस्फोट प्रभावित परिवारों की मदद के लिए कलेक्टर की पहल

- शाहरुख बाबा चीफ एडिटर
स्वतंत्र हरदा। गुरुवार शाम को हरदा के कलेक्टर आदित्य सिंह ने आईटीआई भवन पहुंचकर बैरागढ़ विस्फोट दुर्घटना के प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने तत्काल समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ रोहित सिसोनिया, अपर कलेक्टर डॉ. नागार्जुन बी. गोड़ा, और एसडीएम कुमार सानू देवड़िया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर सिंह ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी कमलेश पाटीदार को निर्देश दिए कि आईटीआई भवन में नियमित साफ-सफाई की जाए और स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था हो। उन्होंने एक गर्भवती महिला के टीकाकरण और स्वास्थ्य परीक्षण के भी निर्देश दिए। बच्चों के लिए ‘रुक जाना नहीं’ योजना के तहत परीक्षा देने की व्यवस्था की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि किसी भी समस्या पर सीधे उनसे या संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने निवास की समस्या के समाधान के लिए अन्य सामुदायिक भवनों की व्यवस्था करने को कहा। साथ ही, पुराने निवास स्थान पर रखे सामान की सुरक्षा के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।



