गुजरात के बनासकांठा में पटाखा फैक्टरी में भीषण आग, देवास जिले के 9 मजदूरों की मौत।
गुजरात की पटाखा फैक्ट्री दुर्घटना के मृतकों की शिनाख्त और घायलों की मदद के लिए अधिकारियों का दल रवाना

शाहरुख बाबा चीफ़ एडिटर स्वतंत्र हरदा
बनासकांठा (गुजरात)। आज दिनांक 01 अप्रैल 2025 को गुजरात के बनासकांठा जिले के डीसा क्षेत्र में स्थित एक पटाखा फैक्टरी में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने का कारण फैक्टरी में बॉयलर फटना बताया जा रहा है। इस हादसे में अब तक 18 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें से 9 मजदूर मध्यप्रदेश के देवास जिले के ग्राम संदलपुर, तहसील खातेगांव के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रशासन द्वारा मृतकों की पहचान और पुष्टि का कार्य जारी है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में देवास जिले के निम्नलिखित मजदूरों की मृत्यु हुई है:
1. लखन पिता गंगाराम भोपा (24 वर्ष)
2. सुनीता पति लखन भोपा (20 वर्ष)
3. केशरबाई पत्नि गंगाराम भोपा (50 वर्ष)
4. राधा पिता गंगाराम भोपा (11 वर्ष)
5. रुकमा पिता गंगाराम भोपा (8 वर्ष)
6. अभिषेक पिता गंगाराम भोपा (5 वर्ष)
7. राकेश पिता बाबूलाल भोपा (30 वर्ष)
8. लाली पत्नि राकेश भोपा (25 वर्ष)
9. किरण पिता राकेश भोपा (5 वर्ष)
ठेकेदार लापता, प्रशासनिक कार्रवाई जारी देवास जिले से इन मजदूरों को गुजरात ले जाने वाला ठेकेदार पंकज फिलहाल लापता बताया जा रहा है। प्रशासन उसके बारे में जानकारी जुटाने में लगा हुआ है। इस हादसे की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार श्री अखिलेश शर्मा के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस की टीम मौके पर रवाना हो गई है। इस घटना के बाद ग्राम संदलपुर और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवारों को उचित सहायता और मुआवजा दिए जाने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। इस भीषण हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा उपायों की पोल खोल दी है। स्थानीय प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
गुजरात की पटाखा फैक्ट्री दुर्घटना के मृतकों की शिनाख्त और घायलों की मदद के लिए अधिकारियों का दल रवाना
हरदा। गुजरात राज्य के बनासकांठा जिले में पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से कुछ लोगों की मृत्यु हुई है तथा कुछ लोग घायल हुये हैं। इस दुर्घटना में हरदा जिले के कुछ लोगों के प्रभावित होने की खबर भी प्राप्त हुई है। कलेक्टर आदित्य सिंह ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों की शिनाख्त और घायलों की आवश्यक मदद करने के उद्देश्य से हरदा जिले के अधिकारियों का दल गठित कर बनासकांठा जिले के लिए रवाना कर दिया गया है। इस दल में संयुक्त कलेक्टर संजीव नागू, उप पुलिस अधीक्षक अजाक सुनील लाटा, तहसीलदार टिमरनी डॉ. प्रमेश जैन, नायब तहसीलदार देवराम निहरता तथा रहटगांव के पुलिस उप निरीक्षक मानवेंद्र सिंह भदोरिया शामिल हैं।



