तेज रफ्तार बाइक ट्रक की टक्कर, एक की मौत, दो गंभीर, उड़ा गांव की पुलिया के पास हादसा, ट्रक चालक फरार

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। जिले में बुधवार शाम ग्राम उड़ा के पास हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल से इंदौर रेफर किया गया है।मृतक की पहचान ग्राम उन्द्राकच्छ निवासी राजेश मोरी के रूप में हुई है। हादसे में सचिन पिता रेवाराम राजपूत निवासी धौलपुर और बसंत पिता सूरज दोगने गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह दुर्घटना ग्राम उड़ा की पुलिया के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक तेज गति से आ रही थी। इसी दौरान बाइक का हैंडल पास से गुजर रहे ट्रक से टकरा गया, जिससे बाइक पर सवार तीनों युवक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाली में गिर गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत घायलों को नाली से बाहर निकाला और एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने राजेश मोरी को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को इंदौर रेफर किया गया।



