संघ के साथ निकटता पर कांग्रेस नेताओं ने जताई नाराजगी, विधायक से कांग्रेस ने की स्थिति स्पष्ट करने की मांग

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। नगर पालिका परिषद हरदा के पूर्व अध्यक्ष हेमंत टाले और जिला कांग्रेस प्रवक्ता आदित्य गार्गव ने एक संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर हरदा विधानसभा के कांग्रेस विधायक आर.के. दोगने से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के अनुषांगिक संगठनों द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में उनकी लगातार उपस्थिति पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने विधायक से इन कार्यक्रमों में भाग लेने पर अपनी स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
कांग्रेस नेताओं ने अपनी विज्ञप्ति में कहा है कि आरएसएस के सरसंघचालक मोहन भागवत द्वारा भारत की आजादी पर सवाल उठाने जैसी टिप्पणियों के चलते संघ की विचारधारा को राष्ट्रविरोधी करार दिया गया है। इस विचारधारा के खिलाफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी खुले वैचारिक संघर्ष में हैं। ऐसे में कांग्रेस की टिकट पर चुने गए विधायक का संघ के कार्यक्रमों में भाग लेना पार्टी और गांधीवादी विचारधारा के प्रति उनकी निष्ठा पर सवाल खड़े करता है।
विज्ञप्ति में यह भी उल्लेख किया गया है कि कांग्रेस पार्टी ने विधायक दोगने को तीन बार विधानसभा टिकट दिया है और उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों से नवाजा है। वर्तमान में वे म.प्र. कांग्रेस कमेटी के महासचिव और जबलपुर जिले के प्रभारी हैं। इन जिम्मेदारियों के बावजूद उनकी संघ प्रेम की ओर झुकाव समझ से परे है, जो कांग्रेस के जमीनी कार्यकर्ताओं का मनोबल कमजोर कर रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि विधायक के इस आचरण से पार्टी के प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व को अवगत कराते हुए उनके खिलाफ कार्यवाही की मांग की जाएगी।



