
शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा.कॉम
हरदा। हरदा पुलिस ने कर्नाटक राज्य के सिंदगी गांव से 14 बंधुआ मजदूरों को रेस्क्यू कर उनके घर सकुशल पहुंचाने में सफलता हासिल की। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी टिमरनी के निर्देशन में रहटगांव पुलिस की टीम द्वारा की गई। ग्राम दीदमदा निवासी खेमराज ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके परिवार के सदस्य और रिश्तेदार, जिनमें पिता, मां, भाई, मामा, मामी, और अन्य शामिल हैं, कर्नाटक में गन्ना कटाई के काम के लिए ठेकेदार द्वारा ले जाए गए थे। वहां उनसे जबरन मजदूरी कराई जा रही थी और गांव लौटने नहीं दिया जा रहा था। शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने टीम गठित की। उप निरीक्षक संतोष वामने, प्रधान आरक्षक विजय उइके, और आरक्षक मेतू की टीम को कर्नाटक भेजा गया। टीम ने ग्राम दीदमदा के 8 और ग्राम धुंधरी के 6 मजदूरों को रेस्क्यू कर 3 दिसंबर को हरदा लाया और परिजनों को सौंप दिया। इस रेस्क्यू अभियान में थाना प्रभारी मानवेन्द्र सिंह भदौरिया, उप निरीक्षक संतोष वामने, प्रधान आरक्षक विजय उइके, और आरक्षक मेतू ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस की इस त्वरित और सफल कार्रवाई से मजदूरों और उनके परिवारों ने राहत की सांस ली।



