
शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। बघेल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर (बीएचआरसी) की टीम अब जिले के शासकीय जिला अस्पताल में रोजाना नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगी। बीएचआरसी के इस कदम से गरीब और जरूरतमंद मरीजों को उच्च-स्तरीय चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा। बीएचआरसी की हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. शैली माहेश्वरी राठी और हड्डी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ डॉ. अंशुम राठी प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जिला अस्पताल में मरीजों का इलाज करेंगे। इन दोनों विशेषज्ञों द्वारा इमरजेंसी सेवाओं में भी नि:शुल्क परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अंतर्गत हृदय रोग, सांस की बीमारी, थायराइड, मधुमेह जैसी गंभीर बीमारियों का उपचार दिया जाएगा।
जरूरतमंद मरीजों के लिए वरदान बनेगी नि:शुल्क सेवा
बीएचआरसी का उद्देश्य उन मरीजों तक पहुंच बनाना है, जो आर्थिक कारणों से सही समय पर इलाज नहीं करा पाते हैं। इस पहल के माध्यम से बीएचआरसी की टीम जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार प्रदान करेगी। इससे जिले के मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा प्राप्त होगी, जिससे उनके स्वास्थ्य में जल्द सुधार संभव हो सकेगा।
सक्रिय भूमिका निभा रहा है बीएचआरसी
बीएचआरसी ग्रुप स्वास्थ्य सेवा कार्यों में निरंतर सक्रिय है। ग्रुप की चिकित्सक टीम हरदा, नर्मदापुरम, भोपाल जिलों में समय-समय पर नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करती रही है। वर्तमान में हरदा, सिवनी मालवा और भोपाल में इसके अस्पताल संचालित हैं। संस्था जल्द ही अन्य शाखाएं खोलने की योजना बना रही है।
जिलाधीश के निर्देशों पर हुआ कार्यान्वयन
मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डॉ. सिंह ने बताया, “जिलाधीश महोदय के निर्देश के तहत इस पहल की शुरुआत की गई है। प्राइवेट अस्पताल के डॉक्टर अब शासकीय अस्पताल में रोजाना सुबह 10 से 12 बजे तक ओपीडी सेवा के माध्यम से मरीजों को सेवा देंगे। इससे उन मरीजों को मदद मिलेगी, जिनका डायग्नोसिस समय पर नहीं हो पाता था और उन्हें उपचार में कठिनाई होती थी।



