
शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) हरदा के डॉक्टरों ने मंगलवार को एसपी अभिनव चौकसे के कार्यालय पहुंचकर एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में डॉक्टरों ने बताया कि हरदा के प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. भरत कुमार काटकर को कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा निरंतर मानसिक प्रताड़ना दी जा रही है। इन तत्वों ने उनकी छवि खराब करने की साजिश रचते हुए सोशल मीडिया, मोबाइल फोन, और अन्य माध्यमों से झूठा प्रचार किया है। डॉक्टरों ने आरोप लगाया कि डॉ. काटकर को बदनाम करने के लिए प्रशासन पर निराधार शिकायतों के माध्यम से दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।
डॉक्टरों में रोष, पुतला जलाने की घटना से आहत
पिछले कुछ दिनों में बढ़ते विवाद के बीच मंगलवार को डॉ. काटकर के क्लीनिक के बाहर नारेबाजी करते हुए कुछ लोगों ने उनका पुतला जलाया। इस घटना ने चिकित्सा समुदाय में आक्रोश पैदा कर दिया है और डॉ. काटकर एवं उनके परिवार को मानसिक रूप से गहरा आघात पहुंचा है। आईएमए हरदा के डॉक्टरों ने घटना की निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। डॉक्टरों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से चिकित्सा जगत में भय का माहौल बन गया है। ज्ञापन सौंपते समय डॉक्टरों ने कहा कि किसी मरीज को इलाज से असंतोष होने पर कानूनी प्रक्रिया का सहारा लेना चाहिए। डॉक्टरों ने यह भी स्पष्ट किया कि देश के कानून के अनुसार शिकायतें जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) या पुलिस को दी जानी चाहिए। इसके बाद सीएमएचओ जांच टीम गठित कर मामले की जांच करता है। यदि डॉक्टर दोषी पाए जाते हैं, तो मरीज उपभोक्ता कोर्ट में भी न्याय के लिए जा सकता है। ज्ञापन में डॉक्टरों ने मानसिक प्रताड़ना और अवैध ब्लैकमेलिंग से बचाव के लिए ठोस कदम उठाने की मांग भी की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
डॉक्टर के खिलाफ पहले भी दी गई थी शिकायत
गौरतलब है कि पहले प्रोफेसर सुनील कुमार ने सिविल लाइन थाने और एसपी को डॉक्टर काटकर के खिलाफ ज्ञापन सौंपा था। प्रशासन की ओर से कोई मामला दर्ज न होने के बाद ही पुतला दहन की घटना हुई, जिससे विवाद और बढ़ गया है।
एसपी का आश्वासन: न्यायसंगत कार्रवाई होगी
एसपी अभिनव चौकसे ने ज्ञापन प्राप्त करते हुए डॉक्टरों को आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी। उन्होंने कहा, “डॉक्टरों ने मीडिया ट्रायल और ब्लैकमेलिंग की शिकायत की है। पुतला जलाने की घटना भी गंभीर है। हम हर पक्ष को न्याय दिलाने के लिए उचित कदम उठाएंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि चिकित्सा सेवाएं बिना दबाव के चलती रहें।





