
शाहरुख बाबा चीफ एडिटर
स्वतंत्र हरदा। वार्ड क्रमांक 16 की प्रताप कॉलोनी में एक विद्युत खंभा पूरी तरह से झुक चुका है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय निवासियों ने इस खंभे को रस्सियों से बांधकर अस्थायी रूप से सुरक्षित करने की कोशिश की है, लेकिन खंभा किसी भी क्षण गिर सकता है, जिससे गंभीर दुर्घटना हो सकती है। निवासियों ने बताया कि उन्होंने कई बार मध्य प्रदेश विद्युत वितरण कंपनी (MPBP) से इस खतरनाक स्थिति की शिकायत की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। यह खंभा स्टेट लाइट लाइन के लिए लगाया गया था, लेकिन अब अस्थिर होकर जमीन पर मात्र टिका हुआ है, जबकि जड़ें ठीक से गड़ी नहीं हैं। रहवासियों का कहना है कि यदि यह खंभा अचानक गिरता है, तो सड़क से गुजरने वाले वाहनों या पैदल चलने वालों पर गिर सकता है, जिससे गंभीर जान-माल का नुकसान होने की आशंका है। विशेष रूप से बच्चे और बुजुर्ग इसकी चपेट में आ सकते हैं, जिससे लोग बेहद चिंतित हैं। इस खंभे को तुरंत हटाकर स्थायी समाधान किया जाए। लगातार इस स्थिति से भयभीत लोग उम्मीद कर रहे हैं कि कोई बड़ा हादसा होने से पहले त्वरित कार्रवाई की जाएगी।



