शिवम वाटिका कॉलोनी का पूर्वी द्वार बंद होने से निवासियों को हो रही परेशानी, जनसुनवाई प्रशासन से खोलने की मांग

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर
स्वतंत्र हरदा। वार्ड क्रमांक 28 महारानी लक्ष्मीबाई वार्ड की शिवम वाटिका कॉलोनी के पूर्वी द्वार को बंद किए जाने से शुक्ला कॉलोनी और मदीना कॉलोनी के निवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से इस द्वार को पुनः खोलने की मांग की है। शिवम वाटिका कॉलोनी में सिटी नर्सिंग होम, प्रसूता अस्पताल, आंखों का मिशन अस्पताल, सदभावना फ्रैक्चर अस्पताल और नाक, कान, गला के डॉक्टर के क्लिनिक सहित मेडिकल स्टोर, किराना दुकान और स्टेशनरी की दुकानें स्थित हैं। पूर्वी द्वार के बंद हो जाने से इन सुविधाओं का उपयोग करने के लिए शुक्ला कॉलोनी और मदीना कॉलोनी के निवासियों को लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है।
निवासियों ने बताया कि इस समस्या के कारण विशेष रूप से बीमार और बुजुर्ग लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में पूर्व में भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ है। निवासियों ने प्रशासन से अपील की है कि शिवम वाटिका कॉलोनी का पूर्वी द्वार जल्द से जल्द खोला जाए, ताकि उन्हें इन आवश्यक सुविधाओं का लाभ सुगमता से मिल सके।



