बालाजी पब्लिक स्कूल की तीसरी मंजिल की खिड़की पर बैठा दिखा मासूम, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

शाहरुख बाबा चीफ़ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। श्री बालाजी पब्लिक स्कूल में छात्र को पनिशमेंट देने के मामले के बाद अब स्कूल में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। छात्र के पिता ने आरोप लगाया था कि शिक्षक द्वारा पनिशमेंट के नाम पर बच्चे को दोनों हाथ ऊपर कर काफी देर तक खड़ा रखा गया। मामले को लेकर पिता ने स्कूल प्रबंधन से सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग की थी, लेकिन फुटेज नहीं दिखाया गया। इसके बाद थाने में आवेदन भी दिया गया, हालांकि पिता का कहना है कि अभी तक मामले में कार्रवाई नहीं हुई है।
इसी बीच बुधवार को स्कूल प्रबंधन द्वारा अपना पक्ष रखने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। प्रेस वार्ता के दौरान स्कूल भवन की ऊपरी मंजिल की खिड़की पर एक छात्र बैठा हुआ और बाहर झांकता हुआ दिखाई दिया। इसका वीडियो भी सामने आया है।
इस दृश्य के बाद स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अगर खिड़की पर बैठे बच्चे के साथ कोई हादसा हो जाता या वह नीचे गिर जाता, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होती? एक ओर जहां स्कूल प्रबंधन छात्र के पिता के आरोपों पर अपना पक्ष रख रहा है, वहीं दूसरी ओर स्कूल परिसर में बच्चों की सुरक्षा और निगरानी के इंतजाम भी चर्चा का विषय बन गए हैं।अब सवाल है, स्कूल में बच्चों की सुरक्षा के लिए क्या पर्याप्त इंतजाम हैं?



