आधुनिक स्वास्थ्य और आधुनिक हरदा।थीम पर जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, AI कैमरे, एडवांस एम्बुलेंस और नई मशीनों से बदलेगी स्वास्थ्य व्यवस्था, 100 बेड अस्पताल को मिलेगी गति

शाहरुख बाबा चीफ़ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और आधुनिक बनाने की दिशा में प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के मार्गदर्शन में “आधुनिक स्वास्थ्य और आधुनिक हरदा” की थीम पर स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इस संबंध में गुरुवार को सीएमएचओ कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में सीएमएचओ एचपी सिंह ने विस्तृत जानकारी दी।
सीएमएचओ ने बताया कि जिले को आधुनिक तकनीक से सुसज्जित दो एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) एम्बुलेंस और एक बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे आपातकालीन सेवाओं में तेजी आएगी। इन एम्बुलेंस में से एक टिमरनी और एक जिला अस्पताल हरदा में तैनात की जाएगी, जबकि बीएलएस एम्बुलेंस खिरकिया क्षेत्र में संचालित होगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में प्रसव एवं आपातकालीन मरीजों को समय पर सुविधा मिल सके।
जिला चिकित्सालय परिसर में सुरक्षा और निगरानी को मजबूत करने के लिए स्मार्ट और AI कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए रोगी कल्याण समिति के माध्यम से आधुनिक मशीनें खरीदी जाएंगी। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए गर्भवती महिलाओं की जांच से जुड़ी सभी जानकारी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं। जिन क्षेत्रों में डाटा अपडेट में समस्या आ रही है, वहां संबंधित बीएमओ को स्वयं जाकर स्थिति की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। रक्त अल्पता से ग्रसित गर्भवती महिलाओं को आयरन सुक्रोज के डोज देने और गंभीर स्थिति में शत-प्रतिशत ब्लड ट्रांसफ्यूजन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। टीकाकरण अभियान की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए कि सभी अधिकारी समय पर सही डाटा पोर्टल पर दर्ज करें, अन्यथा संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा आभा आईडी के डाटा की समीक्षा और स्कूलों में विद्यार्थियों की आंखों की जांच कर निःशुल्क चश्मा वितरण की योजना भी लागू की जाएगी।
सीएमएचओ ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृत 100 बेड के स्टेटस अस्पताल में 50 क्रिटिकल बेड तैयार किए जा चुके हैं और सभी आवश्यक मशीनें स्थापित की जा रही हैं। अस्पताल में ओपीडी सेवाएं शुरू हो चुकी हैं, साथ ही डायलिसिस और लेबर रूम भी चालू कर दिए गए हैं। इसके अलावा तीन मॉडल ओपीडी मेडिकल, सर्जिकल और नेत्र विभाग के लिए विकसित की गई हैं। नए अस्पताल में आधुनिक ब्लड बैंक की स्थापना भी की जाएगी, जिससे सभी प्रकार की जांच और रक्त संबंधी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। जनसहयोग से लगभग 70 लाख रुपए की लागत से एडवांस एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई हैं, जो जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देंगी। प्रेस कांफ्रेंस में सीएमएचओ ने कहा कि प्रशासन और जनसहयोग के माध्यम से हरदा जिले को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे आम नागरिकों को बेहतर और त्वरित उपचार मिल सके।
