हरदा कृषि उपज मंडी में किसानों ने किया हंगामा, व्यापारियों पर लगाया कम भाव में खरीदी का आरोप, बाद में मंडी सचिव द्वारा खरीदी चालू कराई गई

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा
हरदा। शुक्रवार को हरदा कृषि उपज मंडी में किसानों और व्यापारियों के बीच फसल तौल के दौरान तीखी नोकझोंक हो गई। मक्का और सोयाबीन के गिरते भाव से नाराज किसानों ने मंडी परिसर में हंगामा करते हुए धरना दे दिया। किसानों का कहना था कि दो दिन पहले तक मक्के का मॉडल भाव ₹1500 प्रति क्विंटल दिया जा रहा था, लेकिन शुक्रवार को व्यापारी ₹1000 प्रति क्विंटल की दर से खरीदी कर रहे थे। इसी तरह सोयाबीन, जिसका भाव ₹4500 तक पहुंच गया था, अब ₹3400 प्रति क्विंटल पर खरीदी जा रही थी। किसानों का आरोप था कि त्योहारों को देखते हुए व्यापारी जानबूझकर फसल की कीमतें घटा रहे हैं, दीपावली जैसे त्यौहार को देखते हुए मंडी की 5 दिन की छुट्टियां रहेगी। जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। मौके पर किसान कांग्रेस अध्यक्ष मोहन बिश्नोई और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हेमंत टाले पहुंचे और किसानों के साथ धरने पर बैठ गए। बाद में कांग्रेस नेताओं ने तहसीलदार राजेंद्र पवार से चर्चा की, जिसके बाद तहसीलदार ने मंडी सचिव को खरीदी दोबारा शुरू करने के निर्देश दिए। अधिकारियों की बात मानते हुए किसानों ने धरना समाप्त किया और खरीदी पुनः प्रारंभ कर दी गई।




