हरदा

रक्षाबंधन पर हरदा बाजार में उमड़ी भारी भीड़, राखियों और मिठाइयों की जमकर हुई खरीदारी

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर 

स्वतंत्र हरदा। रक्षाबंधन के अवसर पर सोमवार को हरदा के मुख्य बाजारों में खरीदारी का माहौल देखते ही बना। खासकर घंटाघर बाजार और बड़ा मंदिर के आसपास की जगहों पर सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ उमड़ने लगी। राखियों की दुकानों पर बहनों की लंबी कतारें देखी गईं, जो अपने भाइयों के लिए राखियां खरीदने में व्यस्त थीं।

बाजार में रखी खरीदती हुई महिलाएं

फुटपाथ पर भी अस्थायी रूप से लगी दुकानों ने बाजार के माहौल को और रंगीन बना दिया। चारों ओर राखियों की वैरायटी और रंग-बिरंगे धागों की चमक-धमक ने बाजार की रौनक बढ़ा दी। इस दौरान बाजार में इतनी भीड़ हो गई कि वाहनों का गुजरना भी मुश्किल हो गया। राखियों के साथ-साथ रक्षाबंधन पर मिठाई की दुकानों पर भी जमकर खरीदी हुई। हरदा की प्रसिद्ध “राजस्थान मिठाई” की दुकान पर सुबह से ही ग्राहकों की लंबी लाइनें लगी रहीं। दुकान के संचालक ने बताया कि उन्होंने इस बार अनुमान लगाया था कि रक्षाबंधन पर मिठाई की मांग अधिक होगी, और वैसा ही हुआ। लोगों ने मिठाइयों की जमकर खरीदारी की, खासकर भाई-बहन के इस पवित्र पर्व के लिए।

रक्षाबंधन पर मिठाई खरीदते हुए लोग

स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, इस साल रक्षाबंधन पर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। दुकानदारों ने बताया कि इस बार राखियों और मिठाइयों की बिक्री में काफी इजाफा हुआ है और लोगों ने अपने भाइयों के लिए नए और आकर्षक डिज़ाइन की राखियां और मिठाइयां खरीदीं। शहर के लोगों का कहना है कि रक्षाबंधन का यह पर्व भाई-बहन के रिश्ते की मजबूती का प्रतीक है और इस मौके पर वे अपने भाइयों के लिए सबसे खास राखी और मिठाई चुनने में कोई कसर नहीं छोड़ते। त्योहार के चलते बाजार में लोगों की भीड़ और खरीदारी की धूम हर साल की तरह इस बार भी चरम पर रही।

Swatantra Harda

Related Articles

Back to top button