नपा द्वारा टेंकरों से पानी विक्रय में किया जा रहा लाखों का भ्रष्टाचार, जाँच के लिए नेता प्रतिपक्ष ने दिया कलेक्टर को ज्ञापन

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर
स्वतंत्र हरदा – नगर पालिका हरदा द्वारा नगर पालिका सीमा के अंतर्गत आने वाले सभी वार्डों एवं मार्केट में होटलों, दुकानदारों इत्यादि व निर्माणाधीन मकान हेतु ठेकेदारों एवं अन्य उपयोग हेतु पानी के टेंकर के माध्यम से पानी विक्रय किया जाता है, ये पानी 350 रू. प्रति टेंकर घरेलू उपयोग हेतु एवं 500 रू प्रति टेंकर अन्य प्रयोजन में विक्रय किया जाता है। नेता प्रतिपक्ष अमर रोचलानी ने बताया कि नपा द्वारा प्रतिदिन 25-30 टेंकर पानी का विक्रय किया जा रहा है, ग्रीष्म ऋतु में टेंकर से सप्लाई की संख्या कई गुणा अधिक बढ़ जाती है। किन्तु सूचना के अधिकार अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त जानकारी अनुसार नपा रिकार्ड में प्रतिमाह मात्र 3-5 रसीदों का हिसाब ही प्रस्तुत किया जा रहा है। रोचलानी ने बताया कि इस प्रकार टेंकरों पर जी.पी.एस. सिस्टम लगे होने के बावजूद भी नपा अध्यक्ष/ नपा अधिकारी/कर्मचारियों द्वारा आपस में सांठ-गांठ कर शासन को प्रतिदिन 10-12 हजार रूपये का नुकसान पहुँचाया जा रहा है और प्रतिवर्ष 35-40 लाख रूपये का भ्रष्टाचार किया जा रहा है।

रोचलानी ने बताया कि मेरे द्वारा पूर्व में टेंकर से पानी खाली करते समय का वीडियो भी बनाया गया था, किन्तु जिस दिनांक को मैंने वीडियो बनाया था, उस दिनांक की रसीद मुझे नपा द्वारा दी गई जानकारी में नहीं मिली है, इससे भी स्पष्ट हो रहा है कि नपा द्वारा पानी ब्लेक में विक्रय किया जा रहा है, जिसकी सूक्ष्मता से जाँच की जाकर दोषियों के विरूद्ध कार्यवाही होना चाहिए एवं जिन स्थानों से पानी के टेंकरों में पानी भरा जाता है उन सभी स्थानों पर सी.सी.टी.व्ही. कैमरे लगाये जाऐ, ताकि इस प्रकार का बड़े भ्रष्टाचार पर अंकुश लगे और शासन को आर्थिक हानि न पहुँचे शिकायत करते समय संजय जैन धर्मेंद्र चौहान रमेश सोनकर आदि लोग उपलब्ध थे।



