शिकायत

प्रज्ञा नगर के निवासियों ने कॉलोनाइजर और नगर पालिका पर लगाया लापरवाही का आरोप

रोड, नाली और पानी की किल्लत से परेशान प्रज्ञा नगर के निवासी आंदोलन की चेतावनी

शाहरुख बाबा चीफ एडिटर स्वतंत्र हरदा

हरदा शहर के वार्ड क्रमांक 34 की प्रज्ञा नगर कॉलोनी के निवासी मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं। कॉलोनाइजर द्वारा सुविधाएं देने का वादा किया गया था, लेकिन सालों बाद भी सड़कों, नालियों और पानी जैसी बुनियादी आवश्यकताओं का अभाव है। गंदगी और दूषित पानी की समस्या ने उनकी परेशानियों को और बढ़ा दिया है। अपनी समस्याओं का समाधान न होने पर निवासियों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।

हरदा। प्रज्ञा नगर कॉलोनी, जो नगर पालिका सीमा के तहत आती है, आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि कॉलोनाइजर ने प्लॉट बेचते समय रोड, नाली और पानी जैसी सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने का वादा किया था। लेकिन वर्षों बाद भी इन सुविधाओं का कोई नामोनिशान नहीं है। कॉलोनीवासियों ने बताया कि सड़कों और नालियों की कमी के कारण बारिश में गंदा पानी गलियों में भर जाता है, जिससे उन्हें और उनके बच्चों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। हालात इतने खराब हैं कि गंदे पानी के बीच से गुजरकर स्कूल और दफ्तर जाना पड़ता है।

 

कॉलोनी में पानी की भारी किल्लत

कॉलोनी में नल-जल योजना के तहत पाइपलाइन अब तक नहीं बिछाई गई है। निवासियों ने आरोप लगाया कि जो एकमात्र पाइपलाइन बिछाई गई थी, वह भी वर्षों से बंद पड़ी है। पानी की जरूरत को पूरा करने के लिए नगर पालिका द्वारा टैंकर भेजे जाते हैं, लेकिन वह भी पर्याप्त नहीं होते। पानी भरने के लिए कॉलोनी के किसी एक सदस्य को दिनभर घर पर रहना पड़ता है।

हैंडपंप में भी दूषित पानी और चार और भारी पड़ी गंदगी

कॉलोनी के हैंडपंप के आसपास गंदगी का अंबार लगा हुआ है, और निवासियों का कहना है कि हैंडपंप से गंदा और दूषित पानी निकलता है। यहां तक कि कई सालों से बंद पड़े एक हैंडपंप को अब तक न तो नगर पालिका ने चालू करवाया और न ही कॉलोनाइजर ने इसे ठीक कराने की पहल की। मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान कॉलोनीवासियों ने जिला पंचायत सीईओ को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि यह वार्ड नगर पालिका अध्यक्ष का क्षेत्र है, लेकिन इसके बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। निवासियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

कॉलोनी निवासियों की मांग

1. कॉलोनी में जल्द से जल्द सड़क और नाली का निर्माण कराया जाए।

2. नल-जल योजना के तहत नई पाइपलाइन बिछाई जाए और बंद पाइपलाइन को चालू किया जाए।

3. दूषित पानी की समस्या का समाधान कर हैंडपंप की मरम्मत कराई जाए।

4. पानी की पर्याप्त आपूर्ति के लिए टैंकर सेवा में सुधार किया जाए।

Swatantra Harda

Related Articles

Back to top button